![]() |
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी व मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया आरोपी |
कल शुक्रवार को जिला बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र में एक 7 वर्षीय बच्ची की ईंट से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गयी। बच्ची का खून से लथपथ शव देर रात एक खंडहरनुमा मकान से अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने आज शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। घटना का पता लगने पर स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया और बंदायू - बिजनौर हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
परिजनों के अनुसार बच्ची कल शुक्रवार की दोपहर लगभग 1 बजे घर से सब्जी लेने के लिए गयी थी। इसके बाद देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई और तलाश शुरू कर दी। देर रात बच्ची का खून से लथपथ शव एक खंडहरनुमा मकान में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर लोगो में आक्रोश व्याप्त हो गया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही आक्रोशित भीड़ को समझाकर शांत किया। रात में ही एसएसपी समेत पुलिस विभाग के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के खुलासे के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बच्ची के पिता ने दुष्कर्म के बाद हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की। इस जांच में जानेआलम नाम का आरोपी बच्ची को लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी मगर वह घर पर नही मिला। देर रात बिल्सी से बीनपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर आरोपी जानेआलम भागने की फिराक में था। इसी बीच पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। इस पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी तक की जांच में हत्या किया जाने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही दुष्कर्म के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |