नहटौर/जिला बिजनौर - लापता छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर भाकियू तोमर ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, दी धरना प्रदर्शन की चेतावनी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, दिसंबर 15, 2025

नहटौर/जिला बिजनौर - लापता छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर भाकियू तोमर ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, दी धरना प्रदर्शन की चेतावनी

www.newsindia17.com

करीब तीन महीने नहटौर थाना क्षेत्र से पहले लापता हुई एक छात्रा की अब तक बरामदगी न होने पर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को नहटौर थाने में पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा और पुलिस को 10 दिन का स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि 25 दिसंबर तक छात्रा की बरामदगी न होने पर थाने का घेराव किया जायेगा।


पाठको को बताना उचित होगा कि नगर के मोहल्ला जोशियान की निवासी 15 वर्षीय कक्षा आठ की छात्रा गत 19 सितंबर को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद से ही वह लापता है और कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी पुलिस छात्रा को ढूंढने में नाकाम रही है। लम्बा समय बीतने के बाद भी छात्रा की बरामदगी न होने पर आक्रोशित भाकियू (तोमर) के बिजनौर जिलाध्यक्ष डॉ. सचिन गुप्ता के नेतृत्व में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता आज सोमवार को थाने पहुँचे। इन सभी ने थानाध्यक्ष धीरज नागर को ज्ञापन सौंपकर लापता छात्रा की जल्द बरामदगी की अपील की।


संगठन ने पुलिस द्वारा छात्रा की बरामदगी के लिए 25 दिसंबर की अंतिम तिथि निर्धारित की है। संगठन के जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि इस निर्धारित अवधि में छात्रा की बरामदगी न होने पर भाकियू (तोमर) नहटौर थाने में धरना प्रदर्शन करेगी।


थानाध्यक्ष धीरज नागर ने संगठन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि छात्रा की बरामदगी को लेकर पुलिस गंभीर है। उन्होंने बताया कि छात्रा का पता लगाने और उसे जल्द से जल्द बरामद करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और प्रयास जारी हैं।


ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष अमरकांत शर्मा, जिला महासचिव हरिओम फौजी, मंडल प्रभारी मुरादाबाद डॉ. सुशील शर्मा, नगर अध्यक्ष नहटौर अनुज शर्मा सहित संगठन के कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

conter12
 अभी तक पाठक संख्या