![]() |
मौके पर मौजूद परिजन व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो |
आज बुधवार की दोपहर जिला अमरोहा के हसनपुर थाना क्षेत्र मे एक विवाहिता का शव जंगल मे यूकेलिप्टिस के पेड़ से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। विवाहिता कल मंगलवार की दोपहर से लापता थी। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंकी आयु 25 वर्ष पुत्री डोरी सिंह की शादी 4 वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी सोनू के साथ हुई थी। कल मंगलवार की दोपहर पिंकी अचानक ही लापता हो गयी थी। आज बुधवार की दोपहर घास काटने जंगल गयी महिलाओ ने पिंकी शव यूकेलिप्टिस के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। महिलाओ द्वारा सूचना दिए जाने पर पिंकी के ससुराल व मायके पक्ष वाले भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालो का आरोप है कि शादी के कुछ दिनो बाद से ही पिंकी के ससुराल वाले दहेज मे 2 लाख रूपये की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इसी के चलते ससुराल वालो ने पिंकी की हत्या की है। मृतका की बहन गीता ने बताया कि सोमवार को पिंकी ने फोन कर बताया था की पति ने उसके साथ मारपीट की है और वहां से जाने के लिए कहा है। पिंकी अपने पीछे 8 माह की मासूम बच्ची काव्या को छोड़ गयी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक हसनपुर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के परिजनो द्वारा दी गयी तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |