![]() |
| मृतका किरन की फाइल फोटो व पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन |
जिला बदायूँ के उझानी कोतवाली क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ महिला के गर्भ मे पल रही बेटी होने की जानकारी मिलने पर कथित तौर पर उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। इस दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने पर महिला की हालत बिगड़ गई और बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूसाझाग थाना क्षेत्र के मल्लाहपुर निवासी किरन की शादी 22 मई 2023 को उझानी क्षेत्र के गांव सावंती नगला निवासी राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद किरन ने एक बेटी को जन्म दिया था। किरन के भाई सत्यवीर का आरोप है कि पहली संतान बेटी होने के बाद से ही ससुराल वाले खुश नहीं थे और लगातार दहेज के लिए किरन को प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बीच किरन के दोबारा गर्भवती होने पर ससुराल वालों ने अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड कराया, जिसमें गर्भ में बेटी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद राहुल और उसके परिजनों ने किरन पर गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। आरोप है कि किरन को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ अवैध रूप से गर्भपात कराये जाने के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी स्थिति मरणासन्न हो गई।
किरन की हालत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे नगरिया स्थित अन्य निजी अस्पताल ले गए। जहाँ कोई सुधार न होने पर उसे बरेली के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहाँ कल 16 जनवरी को जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए किरन ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई ने बताया कि उन्हें 14 जनवरी की रात को तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद छोटा भाई रिंकू बरेली पहुँचा था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उझानी पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतका के भाई की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
