बरेली/उत्तर प्रदेश - बैटरी चोरो को पकड़ने गयी एसओजी टीम पर जानलेवा हमला, हमलावरो ने सिपाही का सिर फोड़ा, 6 गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जनवरी 23, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - बैटरी चोरो को पकड़ने गयी एसओजी टीम पर जानलेवा हमला, हमलावरो ने सिपाही का सिर फोड़ा, 6 गिरफ्तार

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से खाकी के इकबाल को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ कल गुरुवार की देर रात बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र मे डंपरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने पहुंची एसओजी की टीम पर बदमाशो ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले ने एसओजी टीम का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


एसओजी-2 के प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा को सटीक सूचना मिली थी कि डंपरों से बैटरी चोरी करने वाला एक सक्रिय गिरोह चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए थाना क्षेत्र के पदारथपुर के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम द्वारा संदिग्ध वाहन को घेरे जाने पर अपराधी वाहन छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान टीम के सिपाही मधुर ने साहस का परिचय देते हुए नहर की तरफ भाग रहे एक बदमाश को दौड़कर दबोच लिया।


पुलिस  द्वारा की गयी इस कार्रवाई के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक डंपर चालक ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते हमलावरों ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव के साथ लाठी-डंडों से हमला कर दिया।इस हमले के दौरान बदमाशों ने सिपाही मधुर के सिर पर लोहे की भारी रॉड से सीधा प्रहार किया। वार इतना घातक था कि सिपाही का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। सिपाही को घायल देख पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और वायरलेस पर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिथरी चैनपुर और कैंट थाने की फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची।


पुलिस बल को आता देख हमलावरों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से 6 आरोपियों को दबोच लिया। घायल सिपाही मधुर को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस टीम सरकारी कार्य के निर्वहन हेतु गई थी। टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में जानलेवा हमला (धारा 307), सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियो से पूछताछ की जा रही है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या