बिजनौर/उत्तर प्रदेश - कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम व पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक, 5 फरवरी से भारी वाहनों की नो-एंट्री - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जनवरी 30, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम व पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक, 5 फरवरी से भारी वाहनों की नो-एंट्री

www.newsindia17.com

आगामी महाशिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन बिजनौर ने कमर कस ली है। इस पर्व से सम्बंधित तैयारियो की समीक्षा हेतु आज शुक्रवार को मंडावली थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मोटा महादेव मंदिर परिसर में जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 5 फरवरी से जिले के कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।


पाठको को बताना उचित होगा कि उत्तराखंड की सीमा से सटे होने के कारण बिजनौर उत्तर प्रदेश का पहला जिला है जहाँ से कांवड़ यात्री राज्य में प्रवेश करते हैं। आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है, जिससे पहले ही कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो जाता है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बैठक में एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया गया है। मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है तथा यातायात पुलिस के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसपी ने बताया कि भारी वाहनों के प्रतिबंध को लेकर पड़ोसी जिलों के डीएम और एसपी को भी सूचित किया जा रहा है ताकि सीमाओं पर जाम की स्थिति न बने।


जिलाधिकारी जसजीत कौर ने समीक्षा बैठक के दौरान स्थानीय लोगों से भी संवाद किया। ग्रामीणों ने कांवड़ मार्ग पर सड़कों के गड्ढों और लटकते बिजली के तारों की समस्या उठाई। डीएम ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत और बिजली संबंधी सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद से गुजरने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का सहयोग भी इस यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या