कल मंगलवार की देर रात जिला संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र मे बदायूं पुलिस की दबिश के दौरान हुई एक ग्रामीण की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद बदायूँ पुलिस टीम मौके से वापस लौट गयी। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है व पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठ रहे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से हयातनगर थाना क्षेत्र के गाँव हैबतपुर निवासी हरचरण दास आयु 55 वर्ष पुत्र जागरण सिंह वाल्मीकि का पुत्र अनिकेत 10 दिन पूर्व जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र निवासी एक युवती को भगा लाया था। इसके बाद से ही बदायूं पुलिस अनिकेत की तलाश मे जुटी हुई थी। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए ही हरचरण दास भी इस समय गाँव नारंगपुर स्थित अपनी ससुराल मे रह रहा था। कल मंगलवार की रात करीब 9 बजे बदायूं पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर वहां दबिश दी थी।
पुलिस द्वारा की गयी छापामार कार्रवाई के दौरान हरचरण दास ने मौके से भागने का प्रयास किया और जमीन पर गिर गया। इसके कुछ देर बाद ही उसके मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणो का आरोप है कि हरचरण की हालत बिगड़ती देख बदायूं पुलिस ने कोई मदद नही की और मौके से चली गयी।
सूत्रों के अनुसार बदायूं पुलिस ने शाम करीब 7:30 बजे स्थानीय कैलादेवी थाने में अपनी आमद दर्ज कराई थी लेकिन गांव में छापेमारी के दौरान स्थानीय थाने के पुलिस बल को साथ नहीं लिया। रात 9:30 बजे जब सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कैलादेवी जितेंद्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
इस मामले मे थानाध्यक्ष कैलादेवी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि हरचरण दास ने पुलिस को आया देख मौके से भागने का प्रयास किया था। इसी दौरान जमीन पर गिरने के बाद उसकी मौत हो गयी। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के सही कारणो का पता लग सकेगा। फ़िलहाल परिजनो की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
