नहटौर थाना क्षेत्र के गाँव बाकरनगर गांव से रविदास जयंती के अवसर पर ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर चबूतरा बनाकर झंडा लगाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुँची पुलिस व प्रशासनिक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटवा दिया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा भी हुआ। जिसके बाद पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दलित समाज के कुछ लोगों ने रविदास जयंती के अवसर पर पूजा-अर्चना के उद्देश्य से गांव की सरकारी भूमि पर रातों-रात एक चबूतरे का निर्माण कर उस पर झंडा लगा दिया था। आज रविवार को चबूतरा बना व झंडा लगा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो को सूचना दी गयी।
मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार धनराज कुमार, नायब तहसीलदार राजकमल सिंह और थाना प्रभारी धीरज नागर भारी पुलिस बल साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुँचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति निर्माण अवैध है, लेकिन ग्रामीण निर्माण हटाने का विरोध करने लगे। काफी देर तक चले हंगामे और विरोध के बाद, पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चबूतरे और झंडे को वहां से हटवा दिया।
पुलिस ने हंगामे के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीन महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थानाध्यक्ष नहटौर धीरज नागर ने बताया कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से चबूतरा बनाया गया था, जिसे राजस्व विभाग की मदद से हटवा दिया गया है। वर्तमान में गांव में पूरी तरह शांति है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
