रायसत्ती/जिला संभल - बहन के निकाह के कुछ समय बाद ही फांसी के फंदे पर लटका मिला भाई का शव, कपड़ो के लिए पैसे न मिलने पर उठाया आत्मघाती कदम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, फ़रवरी 02, 2026

रायसत्ती/जिला संभल - बहन के निकाह के कुछ समय बाद ही फांसी के फंदे पर लटका मिला भाई का शव, कपड़ो के लिए पैसे न मिलने पर उठाया आत्मघाती कदम

www.newsindia17.com
मौके पर जाँच करती पुलिस व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो 
जिला सम्भल के थाना रायसत्ती क्षेत्र निवासी एक किशोर ने कल रविवार की शाम बहन की विदाई के कुछ समय बाद ही फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या  कर ली। बहन की विदाई के बाद हुई इस अप्रत्याशित घटना ने खुशिया मना रहे परिजनो को झकझोर कर रख दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बताया जा रहा है कि पिता द्वारा नए कपड़े खरीदने के लिए 3 हजार रूपये न दिए जाने पर किशोर ने ये आत्मघाती कदम उठाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार को थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगत निवासी मुकीम खान उर्फ़ चाँद की बेटी शाजिया का निकाह था। सभी परिजन व मुकीम खान का 16 वर्षीय पुत्र हमजा भी कल सुबह से ही शादी की रस्मो और अन्य व्यवस्थाओ मे जुटे हुए थे। निकाह का कार्यक्रम क्षेत्र के एक बैंक्वेट हाल मे रखा गया था। दोपहर के समय बहन की विदाई होने के कुछ समय बाद ही हमजा अपनी माँ शकीला से चाभी लेकर घर आ गया था। परिजनो को लगा कि वह थक गया है और आराम करने घर जा रहा है।

देर शाम घर पहुंचे परिजनो ने देखा कि हमजा ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है। परिजनो ने काफी देर तक इस मामले की किसी को भनक भी नही लगने दी और शव को दफन करने की तैयारियो मे जुट गए। शादी के घर में पसरा सन्नाटा देख पड़ोसियो को शक हुआ और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पंजू सराय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई मे जुट गयी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी भी पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजना चाहा। इस पर मृतक के परिजन भड़क उठे और  विरोध करने लगे। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव दफन करना चाहते थे। पुलिस ने मामला संदिग्ध देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

मोहल्ले के लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हमजा अपनी बहन की शादी के लिए नए कपड़े बनवाना चाहता था। इसके लिए उसने अपने पिता से 3000 रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे न मिलने से वह काफी क्षुब्ध था। इसी छोटी सी जिद्द और नाराजगी ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

थाना प्रभारी रायसत्ती निशांत कुमार राठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन स्थिति स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।  फॉरेंसिक टीम ने भी नमूने लिए हैं।
free counter
अभी तक पाठक संख्या