हजरतनगर गढ़ी/जिला सम्भल - बुर्का पहनी महिला का सिर कुचला शव मिलने पर मचा हड़कंप, निर्मम हत्या की गुत्थी को सुलझाने मे जुटी पुलिस - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जनवरी 23, 2026

हजरतनगर गढ़ी/जिला सम्भल - बुर्का पहनी महिला का सिर कुचला शव मिलने पर मचा हड़कंप, निर्मम हत्या की गुत्थी को सुलझाने मे जुटी पुलिस

www.newsindia17.com
महिला का शव, मौके पर जाँच करती पुलिस व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो 

जिला सम्भल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार की सुबह एक बुर्का पहनी महिला का सिर कुचला शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियो द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनो द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सिसौटा की निवासी सेबुल निशा आयु 32 वर्ष पत्नी मुज्जमिल कल गुरुवार को अपनी 2 वर्षीय बच्ची जेहरा को साथ लेकर जिला रामपुर के गाँव जहांगीरपुर एक गमी मे गयी थी। सेबुल निशा शाम लगभग 5 बजे वहां से अपने घर के लिए निकली थी मगर देर रात तक भी घर नही पहुंची। सेबुल निशा के देर रात तक वापस न आने पर परिजनो को चिंता हुई और उसकी तलाश मगर कोई सुराग नही मिल सका था। इस दौरान उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आने पर परिजनो को चिंता बढ़ गयी और किसी अनहोनी की आशंका होने लगी।


दूसरी ओर देर रात क्षेत्र के गांव बहिउद्दीनपुर के प्रधान दीपक को सूचना मिली कि एक मासूम बच्ची सड़क किनारे खड़ी रो रही है। इस बच्ची की पहचान सेबुलनिशा की बेटी जेहरा के रूप में होने पर किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गयी। अकेली बच्ची के मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण पूरी रात सेबुल निशा को तलाशते रहे मगर अंधेरा होने के कारण कुछ पता नही लग सका।


आज शुक्रवार की सुबह गांव निवासी चरण सिंह के खेत के पास से गुजर रहे कुछ बच्चो ने एक महिला का शव पड़ा देख ग्रामीणो को सूचित किया। शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। शव की शिनाख्त सेबुल निशा के रूप मे हुई। हत्यारों ने बर्बरता के साथ महिला की हत्या की थी। शव की हालत देखकर स्पष्ट था कि पहचान मिटाने के लिए किसी भारी वस्तु से वार कर उसका सिर पूरी तरह कुचल दिया गया था। घटनास्थल पर बिखरा खून और महिला की हालत देख ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही एएसपी कुलदीप कुमार, सीओ आलोक भाटी और हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी की। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए है।


एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि एक महिला की नृशंस हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस जाँच मे जुटी है कि यदि हत्यारे महिला को मारना चाहते थे, तो उन्होंने 2 साल की बच्ची को जिंदा क्यों छोड़ा? पुलिस ये भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह रंजिश का मामला है या रास्ते में हुई किसी लूटपाट का विरोध? पुलिस मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि कातिलों तक पहुँचा जा सके।

conter12
अभी तक पाठक संख्या