![]() |
| मौके पर जाँच करती पुलिस टीम, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया आरोपी व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो |
जिला बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र मे पैसे के लेनदेन और जुए को लेकर हुए विवाद के बाद कल सोमवार की देर रात तीन दोस्तों ने अपने ही साथी युवक को शराब की दुकान की छत से नीचे फेंक दिया। इस घटना मे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार को मुठभेड़ के बाद एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सोमवार शाम थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुर निवासी शमीम, रशीद और जीशान पार्टी करने के बहाने विनोद को घर से बुलाकर ले गए थे। इन चारों ने गुरुगांवा स्थित शराब की दुकान की छत पर बैठकर शराब पी। आरोप है कि नशा होने पर पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद को लेकर इनके बीच विवाद हो गया। इसी विवाद के चलते तीनों ने मिलकर विनोद को छत से नीचे फेंक दिया। ऊंचाई से गिरने और गंभीर चोट आने के कारण विनोद की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता लगा कि मृतक व उसके अन्य तीनो साथी जुआ खेलने के आदी थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व विनोद जुए में डेढ़ लाख रुपये जीत गया था, जिसे लेकर मनमुटाव चल रहा था। मृतक के पिता प्रेम शंकर ने बताया कि पूर्व में भी पैसों के लेनदेन को लेकर इनके बीच विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद शराब दुकान के कैंटीन संचालक और सेल्समैनों ने आरोपियों को भगाने में मदद की। इतना ही नही मौके पर गिरे खून को भी पानी डालकर साफ कर दिया गया और साक्ष्य मिटा दिए।पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश के दौरान आज मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच अरिल नदी के पास जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी करने पर आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी रशीद के पैर में जा लगी और वह बाइक समेत गिर गया। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका साथी शमीम मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार किये गए आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की एक बाइक बरामद की गयी है। थाना प्रभारी सिरौली विनोद कुमार ने बताया कि मृतक विनोद के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुठभेड़ में एक आरोपी रशीद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसका पुराना आपराधिक इतिहास भी है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
