नांगल/जिला बिजनौर - गंगा खादर क्षेत्र मे पड़ा मिला लापता हुए युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, फ़रवरी 03, 2026

नांगल/जिला बिजनौर - गंगा खादर क्षेत्र मे पड़ा मिला लापता हुए युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के नांगल थाना अंतर्गत गंगा खादर क्षेत्र मे आज मंगलवार को एक युवक का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। शव से कुछ दूरी पर ही युवक की स्कूटी और बीयर की खाली बोतले भी पड़ी मिली है। बताया गया कि युवक कल सोमवार की शाम से लापता था। मृतक के परिजनो ने हत्या किये जाने की आशंका जताई है जबकि पुलिस इस मामले की जहर के सेवन से जोड़कर देख रही है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गांव मड्डियो (कोटसराय) का निवासी कार्मेंद्र पुत्र रतिराम कल  सोमवार शाम अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था। कामेन्द्र के देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए देर रात स्थानीय थाने मे उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन मोबाइल लोकेशन के आधार पर पूरी रात खादर क्षेत्र में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नही मिल सका था।


आज मंगलवार सुबह जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौड़ ने शव की शिनाख्त कार्मेंद्र के रूप में की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर कार्मेंद्र की स्कूटी के साथ ही बीयर की खाली बोतलें और कुछ खाद्य सामग्री भी बरामद हुई है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि वहां एक से अधिक लोग मौजूद रहे होंगे।


युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए। परिजनों का आरोप है कि कार्मेंद्र की हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के स्पष्ट निशानों के अभाव और बरामद सामग्री को देखते हुए जहर खाने या खिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है।


थानाध्यक्ष नांगल अमर सिंह राठौर ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या