नहटौर/जिला बिजनौर - रिटायर्ड कर्मचारी के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताले तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जनवरी 26, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - रिटायर्ड कर्मचारी के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताले तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 

बेखौफ हुए चोरों ने कल रविवार की रात नहटौर थाना क्षेत्र मे बंद पड़े एक घर के ताले तोड़कर हजारो की नकदी पर हाथ साफ़ कर दिया। आज सोमवार को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जाँच पड़ताल के बाद पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव गारवपुर निवासी नौवहार सिंह टेलीफोन एक्सचेंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। वह वर्तमान में धामपुर में रहते हैं, जबकि गारवपुर स्थित उनका पैतृक मकान अक्सर बंद रहता है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए मुख्य द्वार का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और कमरों के ताले तोड़कर सेफ अलमारी मे रखे 20 हजार रूपये चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देकर अज्ञात चोर मौके से फरार हो गए।


आज सोमवार की सुबह घर के ताले टूटे देख पड़ोसियो ने नौबहार सिंह को सूचित किया। मौके पर पहुंचे गृहस्वामी ने देखा कि सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। चोरों ने सेफ अलमारी के ताले तोड़कर उसे पूरी तरह खंगाल डाला था। पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे एक बैग से 20,000 रुपये नकद गायब थे। गनीमत रही कि चोर अन्य कीमती सामान तक नहीं पहुंच पाए या फिर सिर्फ नकदी लेकर ही फरार हो गए।


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष नहटौर धीरज नागर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर गयी थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

free counter
अभी तक पाठक संख्या