जिला सम्भल की चंदौसी पुलिस ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर जनता की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किया गया आरोपी एटीएम के कैश डिस्पेंसर में स्टील की पट्टी फंसाकर कैश बाहर आने से रोक देता था और बाद में वह चालाकी से नकदी निकाल लेता था। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से धर दबोचा है।
उक्त पूरा मामला चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के 'इंडिया वन' एटीएम से जुड़ा है। बीती 27 जनवरी की सुबह एटीएम का निरिक्षण करने आये कंपनी के सीआरए दीपांशु ने देखा कि कैश डिस्पेंसर (जहाँ से पैसे निकलते हैं) में एक स्टील की पट्टी लगी हुई है। इस पट्टी के कारण ग्राहकों की नकदी बाहर नहीं आ पा रही थी और ट्रांजेक्शन फंस रहे थे। दीपांशु ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एटीएम को बंद कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की। इन फुटेज मे 27 जनवरी की सुबह करीब 7:45 बजे एक संदिग्ध युवक मशीन के साथ छेड़छाड़ करता हुआ दिखाई दिया। युवक महज 5 मिनट के भीतर मशीन में डिवाइस सेट कर वहां से निकल गया था। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू की।
कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि आज शुक्रवार को उक्त मामले मे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य पुत्र मदनलाल, निवासी लंधोरा, हरिद्वार, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्टील की पट्टी, टेप, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और 1900 रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

