गजरौला/जिला अमरोहा - पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की मौत की साजिश, अवैध सम्बन्धो मे बाधक बन रहे पति की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मार्च 06, 2026

गजरौला/जिला अमरोहा - पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की मौत की साजिश, अवैध सम्बन्धो मे बाधक बन रहे पति की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया

www.newsindia17.com
पुलिस गिरफ्त मे पति की हत्यारोपी कल्लो 
जिला अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार व दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नही इस हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने के लिए कातिलों ने शव को पंखे से लटका दिया। पुलिस की गहन जाँच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।

पाठको को बताना उचित होगा कि कल गुरुवार की सुबह ओमपाल आयु 35 वर्ष पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम दारानगर का शव घर मे पंखे के सहारे लटका मिला था। शुरुआत मे इसे आत्महत्या का मामला माना गया था मगर मृतक के गले पर बने रस्सी के निशान देख परिजनो ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे मौत का कारण गला दबाना सामने आते ही पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस जाँच में सामने आया कि ओमपाल की पत्नी कल्लो के बबलू पुत्र दिनेश निवासी ग्राम सिंदराबाद थाना क्षेत्र आदमपुर के साथ अवैध संबंध थे। पुलिस के अनुसार होली के दिन देर शाम बबलू घर पर आया था, जिसे ओमपाल ने अपनी पत्नी के साथ देख लिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए मृतक की पत्नी कल्लो को हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी।

पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में कल्लो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि होली वाले दिन हुए विवाद के बाद उसका प्रेमी बबलू चला गया था। उसी रात बबलू फिर से वापस आया और दोनों ने मिलकर सोते हुए ओमपाल का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों ने शव को फंदे पर लटका दिया था।

सीओ अंजलि कटारिया ने बताया  कि इस मामले मे मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पत्नी कल्लो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका प्रेमी बबलू अभी फरार है। घटना में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली गई है और फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
conter12
अभी तक पाठक संख्या