मवाना/जिला मेरठ - दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से दहला क्षेत्र, बाइक सवार बदमाश ने कार मे बैठे युवक को मारी गोली - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मार्च 07, 2026

मवाना/जिला मेरठ - दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से दहला क्षेत्र, बाइक सवार बदमाश ने कार मे बैठे युवक को मारी गोली

www.newsindia17.com

आज शनिवार की सुबह जिला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र मे हुई फायरिंग की घटना के बाद हड़कंप मच गया। यहाँ एक बाइक सवार हमलावर ने कार मे बैठे युवक को गोली मार दी। बाइक सवार द्वारा चलाई गयी गोली युवक के सिर मे लगी और लहुलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। घायल युवक को मेरठ के एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मवाना नगर के मोहल्ला कल्याण सिंह का निवासी सुभान पुत्र कल्लू आज शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे अपनी बोलेरो कार लेकर प्रिया टाकीज के पास खड़ा था। प्रत्यशदर्शियो के अनुसार सुभान कार के अंदर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार एक हमलावर मौके पर पहुंचा और सुभान को सम्भलने का मौका दिए बगैर तमंचा निकालकर उस पर फायर झोंक दिया। तमंचे से निकली गोली सीधे सुभान के सिर मे जा लगी और लहूलुहान होकर गिर गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। 


गोली चलने की आवाज सुनकर बाजार और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर घायल सुभान को लहूलुहान हालत में गाड़ी से निकाला और तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहाँ से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही मवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है ताकि हमलावर की पहचान और उसके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। थानाध्यक्ष मवाना ने बताया कि युवक को गोली मारे जाने का मामला संज्ञान में है। पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास जारी है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।


शनिवार सुबह सरेआम हुई इस वारदात ने मवाना में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में हुई इस फायरिंग से व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल, सुभान की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर सिर में फंसी गोली निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

free counter
अभी तक पाठक संख्या