मेरठ/उत्तर प्रदेश - रिटायर्ड दरोगा और पत्नी ने की आत्महत्या, घर के अंदर एक ही पंखे पर लटके मिले दोनों के शव - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, फ़रवरी 11, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - रिटायर्ड दरोगा और पत्नी ने की आत्महत्या, घर के अंदर एक ही पंखे पर लटके मिले दोनों के शव

www.newsindia17.com
फंदे पर लटके हुए दंपत्ति के शव - दरोगा लल्लू सिंह व पत्नी संतोष की फाइल फोटो   

आज बुधवार की सुबह जिला मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र निवासी एक रिटायर्ड दरोगा व उनकी पत्नी के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिलने पर हड़कंप मच गया। इस घटना की जानकारी सुबह नौकरानी के घर पहुंचने पर हुई। प्राथमिक जांच में आत्महत्या का कारण 'अकेलापन' और 'अवसाद' माना जा रहा है। पुलिस ने दोनो शव कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रक्षापुरम सेक्टर-4 निवासी लल्लू सिंह आयु 65 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा थे। लल्लू सिंह वर्ष 2020 में मुजफ्फरनगर से सेवानिवृत्त हुए थे। इस समय वह अपनी पत्नी संतोष के साथ घर में रहते थे। आज बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे काम करने पहुंची नौकरानी ने घर के अंदर का दृश्य देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे और और पुलिस को सूचना दी।


पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दंपत्ति पिछले काफी समय से अकेलेपन से जूझ रहे थे।लल्लू सिंह का बेटा संदीप, जो एयरफोर्स से रिटायर्ड है, पिछले एक साल से अपनी पत्नी के साथ गंगाधाम कॉलोनी में अलग रह रहा था। दंपत्ति की बेटी की शादी पंजाब में हुई है और वह वहीं रहती है। पड़ोसियों ने बताया कि लल्लू सिंह और उनकी पत्नी किसी से ज्यादा मेल-जोल नहीं रखते थे। वे अधिकतर समय घर के अंदर ही रहते थे और कभी-कभार ही बाहर निकलते थे।


मौके पर पहुँची गंगानगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नही मिला है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के बेटे संदीप को दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा।


मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीएस (अंडर ट्रेनी) बजरंग प्रसाद ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया की दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कमरे की गहनता से तलाशी ली गई है फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस परिवार के सदस्यों और बेटे से पूछताछ कर रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या