जिला अमरोहा के धनौरा स्थित मुख्य बाजार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़ा शोरूम में चोरी का प्रयास कर रहे शातिर गिरोह को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। ग्राहक बनकर आए एक पुरुष और दो महिलाओं ने शातिर तरीके से कीमती कपड़े बुर्के में छिपा लिए थे, लेकिन दुकानदार की पैनी नजरों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
उक्त घटना आज मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे की है। मुख्य बाजार स्थित 'वस्त्र भंडार' नामक शोरूम में दो महिलाएं और एक पुरुष खरीदारी के बहाने दाखिल हुए। आरोपियों ने सेल्समैन से एक के बाद एक कई महंगे सूट और साड़ियां दिखाने को कहा। जब सेल्समैन उन्हें कपड़े दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान महिलाओं ने मौका पाकर कुछ कीमती कपड़े अपने बुर्के के अंदर छिपा लिए।
दुकान मालिक लगातार उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही ये लोग खरीदारी किए बिना दुकान से बाहर निकलने लगे, मालिक ने उन्हें टोक दिया। दुकान से कुछ ही दूरी पर उन्हें रोककर तलाशी देने को कहा गया। पहले तो आरोपियों ने विरोध करते हुए हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन जब कड़ाई से महिला की तलाशी ली गई, तो बुर्के के भीतर छिपाकर रखे गए चोरी के कपड़े बरामद हो गए।
चोरी की खबर मिलते ही बाजार में शोर मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से पुरुष और महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
थानाध्यक्ष धनौरा मंडी ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है वे एक संगठित तरीके से दुकान में घुसे थे ताकि सेल्समैन का ध्यान भटका सकें। फिलहाल तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
