![]() |
| पुलिस गिरफ्त मे आरोपी सजल व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो |
जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े करने वाली एक घटना प्रकाश मे आयी है। यहाँ कल शुक्रवार की रात प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद के बाद एक दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव मे सनसनी फ़ैल गयी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव फुलसन्दा गंगादास निवासी फकीरचंद की बड़ी बेटी भावना का गाँव निवासी सजल पुत्र शीतल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस प्रेम प्रसंग का पता लगने पर परिजनो ने भावना की शादी थाना क्षेत्र के गाँव बल्ला शेरपुर निवासी एक युवक के साथ करा दी थी। शादी के बाद भावना केवल एक माह तक ही अपनी ससुराल मे रहकर मायके वापस आ गयी थी। पति के लेने आने पर भी उसने साथ जाने से इंकार कर दिया था। शादी के 3 माह बाद ही भावना अपने प्रेमी सजल के साथ फरार हो गयी थी और करीब 2 वर्ष पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद बबली ने सजल के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। प्रेमी युगल द्वारा शादी किये जाने के बाद से दोनो परिवारो के बीच तनाव व मनमुटाव की स्थिति बनी हुई थी। शादी के बाद ये जोड़ा लगभग 1 वर्ष तक गाँव से बाहर रहा और 1 वर्ष पूर्व ही गाँव वापस आया था।
कल शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर सजल की अपनी पत्नी भावना के साथ कहासुनी हो गयी थी। शोर सुनकर सजल की सास बबली आयु 50 वर्ष बीच बचाव करने आयी थी। इसी दौरानआक्रोश से भरे सजल ने जेब से तमंचा निकालकर अपनी सास पर गोली चला दी। गोली लगने पर बबली की मौके पर हो गयी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही क्षेत्राधिकारी धामपुर अभय पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित किशोर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रेम विवाह के बाद से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। आरोपी सजल को हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना नहटौर मे पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओ के तहत मुकदमे दर्ज है।
.png)
