हस्तिनापुर/जिला मेरठ - 17 वर्षीय भतीजे ने की 32 वर्षीय चाची की हत्या, कनपटी से तमंचा सटाकर मारी गोली, किया आत्मसमर्पण - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मार्च 05, 2026

हस्तिनापुर/जिला मेरठ - 17 वर्षीय भतीजे ने की 32 वर्षीय चाची की हत्या, कनपटी से तमंचा सटाकर मारी गोली, किया आत्मसमर्पण

www,newsindia17.com
पोस्टमार्टम को शव भेजती पुलिस व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो 
जिला मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के से दिल दहला देने वाली एक घटना समने आयी है। यहाँ एक 17 वर्षीय किशोर ने अपनी 32 वर्षीय चाची की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद मवाना थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

उक्त घटना थाना क्षेत्र के गाँव गणेशपुर से जुड़ी है। मृतका की पहचान पूजा त्यागी आयु 32 वर्ष पत्नी धर्मेंद्र त्यागी के रूप मे हुई है। परिजनो के अनुसार आज गुरुवार की सुबह सभी लोग अपने कामो मे व्यस्त थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर सभी सहम गए और दौड़कर बेडरूम मे पहुंचे। यहाँ का नजारा देख सभी के पैरो तले जमीन निकल गयी। यहाँ खून से लथपथ पूजा फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। इसी दौरान आरोपी भतीजा हाथ मे तमंचा लिए वहां से निकलता हुआ देखा गया। गंभीर रूप से घायल हो चुकी पूजा ने अस्पताल ले जाने से पूर्व ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय मृतका का पति धर्मेंद्र त्यागी बाजार में मिठाई खरीदने गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह बदहवास हालत में घर पहुंचा, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। पति ने रोते हुए बताया कि आरोपी ने उनके हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय आरोपी मृतका के जेठ का पुत्र है और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी किशोर व उसकी चाची पूजा के बीच अक्सर छोटी छोटी बातो पर अनबन होती रहती थी। अंदेशा है कि इसी के चलते आरोपी ने ये खौफनाक कदम उठाया है।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस बरामद कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी 
जांच कर रही है कि किशोर के पास हथियार कहाँ से आया।
 
free counter
अभी तक पाठक संख्या