बदायूँ/उत्तर प्रदेश - सैलून संचालक को गोली मारने वाले 4 गिरफ्तार, पीड़ित की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग बना वारदात की वजह - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मार्च 22, 2026

बदायूँ/उत्तर प्रदेश - सैलून संचालक को गोली मारने वाले 4 गिरफ्तार, पीड़ित की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग बना वारदात की वजह

www.newsindia17.com

गत 16 मार्च को जिला बदायूँ के उघैती थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सैलून संचालक पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों और महिला को परेशान किए जाने के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया था।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 16 मार्च को बाइक सवार हमलावरों ने उघैती के सैलून संचालक समीर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। समीर को दो गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।


एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि समीर की सैलून की दुकान मुख्य आरोपी मनवीर के ससुराल वाले गांव से जुड़ी थी। शादी से पहले मनवीर की पत्नी और समीर के बीच प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी समीर लगातार महिला को परेशान कर रहा था। जब पत्नी ने पूरी बात मनवीर को बताई, तो उसने समीर को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद मनवीर ने अपने चचेरे भाई और साथियों के साथ मिलकर समीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मनवीर निवासी गांव मेवली, यशपाल, निवासी गांव मेवली, राकेश, निवासी गांव खंडुआ,आशीष, निवासी गांव स्वरूपपुर के रूप मे हुई है। गिरफ्तार किये गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार 02 अवैध तमंचे, 02 कारतूस, 02 खाली खोखे और 01 चाकू के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व 03 मोबाइल फ़ोन बरामद किये है।


डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी देहात, बदायूं ने बताया कि सैलून संचालक लगातार आरोपी की पत्नी को परेशान कर रहा था, जिसे समझाने के बावजूद वह नहीं माना। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या