नगीना/जिला बिजनौर - हत्या के मामले मे वाँछित 20 हजार का ईनामी गिरफ्तार, महिला को अगवा कर की थी हत्या - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मार्च 18, 2026

नगीना/जिला बिजनौर - हत्या के मामले मे वाँछित 20 हजार का ईनामी गिरफ्तार, महिला को अगवा कर की थी हत्या

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर की नगीना थाना पुलिस ने आज बुधवार को हत्या के मामले मे वाँछित 20 हजार रूपये के ईनामी एक बदमाश को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। अभियुक्त लम्बे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। नगीना पुलिस टीम ने आज बुधवार को घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।


उक्त सनसनीखेज मामला 25 अक्टूबर 2025 को प्रकाश में आया था। नहटौर निवासी नजाकत ने नगीना थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 23/24 अक्टूबर की रात उसके परिचित माजिद अहमद उर्फ बंटी और सुल्तान उसकी पत्नी को ऑल्टो कार से अगवा कर ले गए है। अगले ही दिन 24 अक्टूबर को ग्राम जीतपुर पालड़ी के पास सड़क किनारे एक महिला का रक्तरंजित शव बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी थी।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 अक्टूबर 2025 को घटना के सह आरोपी  माजिद उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मारुति ऑल्टो कार (UP 20 AK 3925) और आलाकत्ल चाकू भी बरामद हुआ था। इस दौरान मुख्य आरोपी सुल्तान पुत्र इकबाल अहमद,निवासी मोहल्ला जमीपुरा, थाना क्षेत्र चांदपुर फरार होने मे सफल रहा था। सुल्तान की गिरफ्तारी पर 20 हजार का ईनाम घोषित किया गया था।


नगीना पुलिस लगातार आरोपी की तलाश मे जुटी थी और दबिश दे रही थी। इसी के चलते पुलिस ने आज बुधवार की दोपहर आरोपी सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त सुल्तान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस विभाग ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।


सुल्तान को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली टीम में नगीना थाने और सर्विलांस सेल के उप निरीक्षक अजीत कुमार, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल सचिन, अंकित व जोगिंदर कुमार शामिल रहे।

counter
अभी तक पाठक संख्या