झालू/जिला बिजनौर - किन्नर समाज के खिलाफ धरने पर बैठे विहिप नेता व क्षेत्रवासी, लगाया अधिक नेग मांगने का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, फ़रवरी 25, 2026

झालू/जिला बिजनौर - किन्नर समाज के खिलाफ धरने पर बैठे विहिप नेता व क्षेत्रवासी, लगाया अधिक नेग मांगने का आरोप

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के झालू कस्बे में किन्नर समाज द्वारा कथित तौर पर नेग के रूप में अधिक धनराशि की मांग को लेकर हुआ विवाद अब गहरा गया है। बुधवार को इस मुद्दे ने उस समय तूल पकड़ लिया जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेतृत्व में भारी संख्या में नगरवासियों ने पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन किया।


पाठको को बताना उचित होगा कि इस विवाद की शुरुआत चार दिन पहले हुई थी। चार दिन पूर्व कस्बे के मोहल्ला चौधरियान स्थित एक धर्मशाला में नगरवासियों की महापंचायत बुलाई गई थी। इस महापंचायत में शामिल रहे स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि शादी-ब्याह जैसे मांगलिक अवसरों पर किन्नर समाज द्वारा मनमानी धनराशि (नेग) मांगी जाती है। ये राशि इतनी अधिक होती है कि मध्यम और गरीब परिवार देने मे असमर्थ हैं। बैठक के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजनौर पुलिस अधीक्षकसे मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जाँच कराने व समाधान किये जाने का आश्वासन दिया था। पुलिस के आश्वासन के बावजूद समाधान न निकलने पर बुधवार को आक्रोश फूट पड़ा।


विहिप कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने आज बुधवार सुबह झालू चौकी का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किन्नरो को दिए जाने वाले नेग की राशि के लिए प्रशासन द्वारा एक स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए। इसके साथ ही किन्नरों द्वारा दबाब बनाकर पैसे लेने की प्रथा बंद हो तथा भविष्य मे होने वाले किसी भी टकराव के लिए ठोस प्रशासनिक हस्तक्षेप हो। स्थानीय विश्व हिन्दू परिषद प्रतिनिधि का कहना है कि हम परंपराओं के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन 'नेग' के नाम पर आम जनता का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को इस पर लगाम लगानी चाहिए।


दूसरी ओर मामले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या एकत्र हुए किन्नर भी चौकी पहुँच गए। उन्होंने विहिप और नगरवासियों के आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी के साथ मारपीट या जबरदस्ती नहीं करते। नेग लेना उनकी सदियों पुरानी परंपरा है, जो दुआओं और आशीर्वाद से जुड़ी है।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर समाज में उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।


फिलहाल स्थिति को देखते हुए चौकी के पास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या