अफजलगढ़/जिला बिजनौर - खेत मे काम कर रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, मुश्किल से बची जान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मार्च 24, 2026

अफजलगढ़/जिला बिजनौर - खेत मे काम कर रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, मुश्किल से बची जान

www.newsindia17.com

अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हिदायतपुर चौहड़वाला में आज मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में काम कर रही एक वृद्ध महिला पर गुलदार ने जानलेवा हमला कर दिया। गुलदार महिला को खींचकर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों की बहादुरी और शोर-शराबे के कारण महिला की जान बच गई। घायल महिला को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी राजो देवी आयु 55 वर्ष पत्नी होरी सिंह आज मंगलवार की सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ किसान मोनू कुमार के खेत में गन्ना छीलने गई थीं। सुबह करीब 10:00 बजे जब राजो देवी अन्य महिलाओं से थोड़ी दूरी पर अकेली गन्ना छील रही थीं, तभी पास के खेत में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। गुलदार ने राजो देवी की गर्दन और कमर को अपने पंजों से जकड़ लिया और खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और अन्य महिलाएं लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के भारी शोर और घेराबंदी को देख गुलदार महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ग्रामीण कुछ सेकंड की भी देरी होने पर गुलदार महिला को गन्ने के घने खेतों में खींच ले जाता।


परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजो देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। परिजनों के अनुसार महिला की कमर और गर्दन पर गहरे जख्म हैं, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।


वन क्षेत्राधिकारी नगीना पीके शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। क्षेत्र में गुलदार की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है और सुरक्षा की दृष्टि से एक पिंजरा भी लगवा दिया गया है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और आदमखोर होते गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या