आज शुक्रवार की शाम जिला बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र मे आदमखोर तेंदुए ने एक 55 वर्षीय महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने पति के लिए खेत पर खाना लेकर जा रही थी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना से इलाके में दहशत फैल गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी क्रांति देवी आयु 55 वर्ष पत्नी रंजीत सिंह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे जामुनवाला स्थित खेत पर अपने पति को खाना देने जा रही थीं। रास्ते में झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला की गर्दन दबोच ली और घसीटते हुए गन्ने के खेत में ले गया। हमला इतना अचानक और घातक था कि क्रांति देवी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
क्रांति देवी के देर तक घर वापस न आने पर परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। परिजनो ने ग्रामीणों के साथ तलाश क्रांति देवी की तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान गन्ने के खेत में महिला का लहूलुहान शव बरामद हुआ, जिसे देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने महिला का शव मुरलीवाला गेट पर रखकर सड़क जाम कर दी और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की चहलकदमी की सूचना दी जा रही थी, लेकिन वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आक्रोशित ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने, पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए।
सूचना पर अफजलगढ़ थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी, नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा और तहसील प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाया-बुझाया। शासन की ओर से उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने के लिखित आश्वासन के बाद शाम करीब 7 बजे जाम खुला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग की नगीना रेंज के रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया गया है और विभाग की टीम गश्त कर रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता जल्द दिलाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

