जिला बिजनौर की नजीबाबाद थाना पुलिस ने आज शनिवार की सुबह हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले मे वाँछित दो शातिर आरोपियो को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम द्वारा की गयी जबाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से अवैध हथियार, मोटर साइकिल और गोकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 27 मार्च को सेंट मैरी चर्च के पीछे मिले गोवंशीय अवशेषों के मामले में की गई है।
पाठको को बताना उचित होगा कि बीते शुक्रवार 27 मार्च 2026 को नजीबाबाद नगर स्थित सेंट मैरी चर्च के पीछे कच्चे रास्ते पर गोवंशीय अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई थी। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।
आज शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उक्त गोकशी की घटना में शामिल आरोपी जाफराबाद के जंगल क्षेत्र में छिपे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मोटर साइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बाइक सवार आरोपियो ने पुलिस टीम को देख भागने का प्रयास किया और पुलिस फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे और उसके साथी को दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नईम उर्फ गुज्जू कुरैशी पुत्र रशीद, निवासी मोहल्ला पठानपुरा, नजीबाबाद व हसीन उर्फ चुग्गा पुत्र कालू, निवासी कोट कादर, थाना क्षेत्र नगीना देहात बताया। गिरफ्तार किया गया नईम उर्फ़ गज्जू कुरैशी मुठभेड़ के दौरान गोली लगने पर घायल हुआ है। आरोपियो ने चर्च के पीछे हुई गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके अन्य नेटवर्क और संभावित साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से 315 बोर के 2 तमंचे, पशु कटान मे प्रयुक्त 01 छुरी, 01 कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, रस्सी व घटना मे प्रयोग की गयी एक बाइक बरामद की गयी है।
अभियुक्तो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे प्रभारी निरीक्षक नजीबाबाद अमित कुमार, उप निरीक्षक विनोद कुमार, सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल वैदवान, सौरभ कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, समोद कुमार व विक्रांत तोमर शामिल रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
