नहटौर/जिला बिजनौर - भगवान महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा मे 7 सूंड वाला ऐरावत हाथी रहा विशेष आकर्षण का केंद्र - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मार्च 30, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - भगवान महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा मे 7 सूंड वाला ऐरावत हाथी रहा विशेष आकर्षण का केंद्र

www.newsindia17.com

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव (जयंती) के अवसर पर आज सोमवार को नहटौर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में सात सूंड वाला ऐरावत हाथी और भगवान की मनमोहक पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सुरक्षा के दृष्टिगत पूरी यात्रा के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।


शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह नगर के जैन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्वान पंडित सनमति जैन ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा संपन्न कराई। इस दौरान उपस्थित रहे श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती की और विश्व शांति व परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा में शामिलर थे बैंड धार्मिक धुनें बिखेर रहे थे। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सात सूंड वाला ऐरावत हाथी रहा, जिस पर सौ धर्म इंद्र बने अरुण जैन अपने पिता कमलेश जैन के साथ सवार होकर चल रहे थे। वहीं, अचल जैन ने कुबेर की भूमिका निभाकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। शोभायात्रा में शामिल रहे महिला और पुरुष श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा मे शामिल रही भगवान महावीर की स्वर्णमयी पालकी के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।


जैन मंदिर से प्रारम्भ हुई ये शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होती हुई जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंची, जहां पांडुकशिला पर अवलोक जैन द्वारा श्री जी का विधि-विधान से नमन व अभिषेक किया गया। शोभायात्रा वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस भव्य आयोजन में प्रबंधक राजीव जैन, अखिल भारतीय जैन महासंघ के नगर अध्यक्ष ऋषभ जैन सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।


शोभायात्रा के मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नगरवासियों ने भी जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान महावीर की पालकी का स्वागत किया।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या