जिला रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र से प्रकाश मे आये एक मामले ने सभी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक नई नवेली दुल्हन ने सुहागरात की सेज पर पहुँचे दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नही विवाद निपटाने को अगले दिन हुई पंचायत में दुल्हन पक्ष के लोगों ने भी दूल्हे पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर के मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी कन्हैया आयु 22 वर्ष की शदी गत 29 मार्च को उत्तराखंड के किच्छा में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन मे दरऊ टांडा निवासी युवती के साथ हुआ था। विवाह के बाद कल सोमवार को घर में दावत का कार्यक्रम संपन्न हुआ। शादी का घर होने के कारण माहौल काफी खुशनुमा था। दावत मे आये मेहमानो के जाने के बाद देर रात वर-वधू भी अपने कमरे मे चले गए थे। इसके कुछ देर बाद ही उनके कमरे से तोड़फोड़ और चीखने-चिल्लाने की आवाजे आने लगी। मौके पर पहुँचे परिजनो ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और देखा कि कन्हैया घायल अवस्था मे पड़ा हुआ है। कन्हैया ने बताया कि पत्नी ने उसे छूने से साफ मना कर दिया और विरोध करने पर मारपीट भी की।
हंगामा बढ़ने पर परिजनो ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। दूल्हे के भाई शंकर और बहन पूनम ने बताया कि दुल्हन ने पुलिस के सामने भी स्वीकार किया कि उसका किसी और के साथ प्रेम प्रसंग है और वह अपने प्रेमी की ही होना चाहती है। दुल्हन के इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया और तत्काल उसके परिजनों को सूचित किया गया।
कल रात हुए उक्त हंगामे के बाद आज मंगलवार को मामला निपटाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। दोनो पक्ष लिखित समझौते के लिए तहसील पहुंचे थे। वहां भी दोनो पक्षो के बीच हो रही बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने आपा खो दिया। आरोप है कि इसी कहासुनी के बीच दुल्हन पक्ष वालों ने ईंट मारकर कन्हैया का सिर फोड़ दिया। आनन-फानन में घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण और उपचार किया गया।
प्रभारी निरीक्षक बिलासपुर जीत सिंह ने बताया कि उक्त मामले मे पीड़ित पक्ष द्वारा जानकारी दी गयी है। पुलिस पूरे प्रकरण की जाँच मे जुटी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर दोषियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शादी के महज 24 घंटे के भीतर हुए इस ड्रामे और हिंसा ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जहाँ दूल्हा पक्ष धोखाधड़ी का आरोप लगा रहा है, वहीं पुलिस अब मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, दूल्हे की हालत स्थिर बनी हुई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

