![]() |
| क्षतिग्रस्त टाटा मैजिक व मृतक अरशद व रिजवान की फाइल फोटो |
आज गुरुवार की सुबह जिला रामपुर के शाहबाद थाना मे हुई सड़क दुर्घटना मे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यहाँ सड़क किनारे खड़ी यात्रियो को उतार रही एक निजी बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बस परिचालक व सामान उतार रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि टाटा मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली से रामपुर आ रही एक निजी बस थाना क्षेत्र के गाँव धुरियाई के पास यात्रियों को उतारने के लिए रुकी थी। बस का परिचालक रिजवान आयु 40 वर्ष पुत्र रईस, निवासी ग्राम काकुरवा, थाना क्षेत्र शहजादनगर और अरशद आयु 28 वर्ष पुत्र अय्यूब, निवासी मोहल्ला कानूनगोयान बस की डिग्गी से यात्रियों का सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित टाटा मैजिक ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि रिजवान और अरशद टाटा मैजिक और बस के बीच फंस गए और मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण टक्कर मे टाटा मैजिक का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक वसीम केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से गाड़ी को काटकर वसीम को बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मृतकों में शामिल अरशद शाहबाद में मोबिल का काम करते थे, जबकि रिजवान बस में बतौर परिचालक कार्यरत था। रिजवान ही अपने परिवार का मुख्य सहारा थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने वाहन की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी शाहबाद ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया टाटा मैजिक की रफ्तार अधिक होना सामने आया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
