![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर अतिरिक्त दहेज की माँग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने और पति के अवैध संबंध होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास-ससुर और देवर सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मौहल्ला तकियागढ़ी पूर्वी निवासी पीड़िता प्रीति अरोड़ा ने पुलिस दी गयी तहरीर मे बताया कि उसकी शादी रवि अरोड़ा के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी के समय उसके मायके वालों ने लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए थे। मायके पक्ष की ओर से उपहार में कीमती फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, मोटरसाइकिल और जेवरात दिए गए थे। आरोप है कि इतना सब देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। पीड़िता के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति रवि अरोड़ा, सास संगीता उर्फ बबी, ससुर ललित अरोड़ा और देवर वंश अरोड़ा ने ब्रेजा कार और 5 लाख रुपये नगद की अतिरिक्त मांग करते हुए उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया ताकि वह मायके वालों को सच न बता सके। पीड़िता के अनुसार उसके साथ मारपीट की गई और बिना कार व पैसे के वापस आने पर जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं। प्रीति का आरोप है कि उसके पति रवि अरोड़ा के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिसका विरोध करने पर उसे और भी ज्यादा प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में पति रवि अरोड़ा, सास संगीता, ससुर ललित, देवर वंश के साथ ही बबली मेहता, चंद्र मेहता और वर्षा को नामजद करते हुए सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। प्रभारी नहटौर निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त मामले मे दहेज अधिनियम समेत गंभीर धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच की जा रही है। जल्द ही आरोपियो को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
