सैदनगली/जिला अमरोहा - संदिग्ध परिस्तिथियो में सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का रक्तरंजित शव, परिजनो व ग्रामीणो ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 08, 2026

सैदनगली/जिला अमरोहा - संदिग्ध परिस्तिथियो में सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का रक्तरंजित शव, परिजनो व ग्रामीणो ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा

www.newsindia17.com
मौके पर मौजूद पुलिस व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो 
जिला अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र मे आज बुधवार की शाम एक 18 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनो ने गाँव निवासी एक ट्रैक्टर चालक पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस द्वारा मामले की जाँच कर कड़ी कार्रवाई किये जाने का आश्वासन देने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव दमगढ़ी खुर्द का निवासी मुकेश आयु 18 वर्ष पुत्र भूरा आज बुधवार की शाम करीब 4 बजे गांव के ही एक ट्रैक्टर चालक के साथ उझारी जाने को कहकर घर से निकला था। कुछ ही देर बाद परिजनो को सूचना मिली कि उझारी-दमगढ़ी मार्ग लिंक मार्ग पर स्थित एक आम के बाग के पास सड़क किनारे मुकेश का रक्तरंजित शव पड़ा हुआ है। शव पड़ा मिलने की सूचना पर मुकेश के परिजन व बड़ी संख्या मे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मुकेश को सोची-समझी साजिश के तहत घर से बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए शव मौके से उठाने से इनकार कर दिया। वे आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सैदनगली विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।  क्षेत्राधिकारी  हसनपुर पंकज कुमार त्यागी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद शव को पंचनामे के लिए भेजा गया।

मुकेश अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी अचानक मौत से घर में कोहराम मचा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
conter12
अभी तक पाठक संख्या