हल्दौर/जिला बिजनौर - अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराई, कार सवार 3 युवक गंभीर घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मई 05, 2026

हल्दौर/जिला बिजनौर - अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराई, कार सवार 3 युवक गंभीर घायल

https://www.newsindia17.com/2026/05/httpsnewsindia17.combijnor-haldaur-speeding-car-hits-electric-pole-three-youths-seriously-injured.html

आज मंगलवार की शाम झालू-बिजनौर मार्ग पर हुए हादसे मे कार सवार 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में घायल हुए युवको को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम निवासी गाँव हीरपुर नंगली, थाना क्षेत्र कोतवाली देहात अपनी कार से आकाश निवासी गांव हीरापुर नंगली और तरुण, निवासी चौकपुरी के साथ गोलबाग की ओर से बिजनौर जा रहा था। झालू-बिजनौर मार्ग पर कस्बा झालू के पास पहुँचने पर कार चालक शुभम वाहन से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित हुई कार बिजली के खंभे से जा भिड़ी।


हादसे के बाद मौके पर जोरदार धमाका हुआ और कार सवार युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने देखा कि बिजली का खंभा सड़क पर गिर चुका था और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। गनीमत रही कि खंभा गिरने के दौरान कोई राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया और बिजली आपूर्ति बाधित होने से बड़ा हादसा टल गया।


घटना की सूचना मिलते ही हल्दौर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कार में फंसे तीनों घायलो शुभम, आकाश और तरुण को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।


थाना प्रभारी हल्दौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार होना प्रतीत हो रहा है। सड़क पर गिरे खंभे को हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या