नहटौर/जिला बिजनौर - चारा लेने जंगल गयी महिलाओ पर गुलदार ने किया हमला, 02 की हालत गंभीर, ग्रामीणो में दहशत - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मई 30, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - चारा लेने जंगल गयी महिलाओ पर गुलदार ने किया हमला, 02 की हालत गंभीर, ग्रामीणो में दहशत

https://newsindia17.com/bijnor-nahataur-guldar-attack-women-injured-panic/

जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँवों मे गुलदार का आतंक थमने का नाम नही ले रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई महिलाओं के एक समूह पर गुलदार ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया इस खौफनाक हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम महमूदपुर बुजुर्ग निवासी नीता आयु 30 वर्ष पत्नी टीकम सिंह, पूजा पत्नी पंकज, ममता पत्नी लक्ष्मण और कृष्णा पत्नी अरविंद समेत कई अन्य महिलाएं गांव से लगभग 1 किलोमीटर दूर खेतों से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। 


इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने नीता पर अचानक हमला कर दिया। गुलदार को सामने देख नीता ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद महिलाओं ने भी साहस दिखाते हुए शोर मचाया और लाठी-डंडे फटकारने शुरू किये। महिलाओं और आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भागने लगा। लेकिन भागते-भागते गुलदार ने खेत के दूसरे छोर पर खड़ी 50 वर्षीय नजमा पत्नी खुर्शीद अहमद पर पीछे से हमला कर दिया। गुलदार के इस दोहरे हमले में नीता और नजमा दोनों ही गंभीर रूप से लहूलुहान होकर घायल हो गयी।


खेतों में गुलदार के हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआत में दोनों की हालत गंभीर थी, लेकिन सही समय पर इलाज मिलने के कारण अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। 


घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी महमूदपुर बुजुर्ग गांव के जंगलों में पहुंच गई. वनकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास गुलदार के पदचिन्हों (पगमार्क) का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। गुलदार के बढ़ते आतंक से आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में काबिंग बढ़ा दी गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा. विभाग ने ग्रामीणों से अकेले खेतों की तरफ न जाने और समूह में रहने की अपील की है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या