बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दारानगर गंज से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियो मे मौत का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र मे हड़कंप मचा हुआ है। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो पर जहर देकर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंकी पुत्री हरिचंद दिवाकर, निवासी गाँव भिक्कावाला, कालागढ़ की शादी वर्ष 2017 मे दारानगर गंज निवासी नितिन कुमार के साथ हुई थी। नितिन इस समय धामपुर स्थित एक फाइनेंस कम्पनी मे काम करता है। इस समय दंपत्ति के दो बच्चे भी है। बताया गया कि कल देर शाम नितिन और पिंकी के बीच फोन पर बात हुई थी। इसी बातचीत के दौरान पति पत्नी के बीच किसी बात पर तीखी नोंकझोंक हो गयी थी। पति के साथ हुई कहासुनी के बाद पिंकी ने घर मे रखे विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। पिंकी की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे उपचार हेतु एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहाँ उसकी हालत मे कोई सुधार न होता देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहाँ उपचार के दौरान देर रात पिंकी की मौत हो गयी।
पिंकी की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन बदहवास हालत में दारानगर गंज पहुंचे। मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही नितिन और उसके घरवाले पिंकी को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का दावा है कि नितिन अक्सर पिंकी के साथ मारपीट करता था, जिसकी लिखित शिकायत पूर्व में भी पुलिस से की गई थी।
मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को दी गयी तहरीर में पति नितिन कुमार, सास, जेठ और जेठानी पर एकराय होकर पिंकी के साथ मारपीट करने और उसे जहर देकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बिजनौर राम प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला जहर सेवन का प्रतीत हो रहा है। मृतका के मायके पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत एक सही कारणो का पता लग सकेगा। सभी पहलुओ को दृष्टिगत रख मामले की जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

