![]() |
| मृतका की फाइल फोटो, बच्चियों से पूछताछ करते एसपी सिटी, रक्तरंजित शव, शोकाकुल परिजन |
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही एक 26 वर्षीय महिला की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। घटना के समय महिला अपनी 3 मासूम बच्चियो के साथ घर मे सोयी हुई थी। आज शुक्रवार की सुबह बड़ी बेटी द्वारा घटना की जानकारी मकान मालिक को दिए जाने के बाद इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मजीदनगर स्थित इसरार उर्फ़ सोनू के मकान की ऊपरी मंजिल पर साकिब और उसकी पत्नी कौसर आयु 26 वर्ष अपनी 3 बेटियो सानिया आयु 4 वर्ष, कुलसुम आयु 5 वर्ष व इनाया 1 वर्ष के साथ रहते है। मकान मालिक इसरार ने बताया कि साकिब ई रिक्शा चलाता है। आज शुक्रवार की सुबह बड़ी बेटी सानिया ने मकान मालिक से अपने पिता को फोन करने को कहा। इसके बाद ऊपर पहुंचे मकान मालिक ने देखा कि वहां कौसर का शव बेड के नीचे पड़ा हुआ था। मकान मालिक ने तुरंत ही फ़ोन कर साकिब व पुलिस को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर बाद साकिब और पुलिस मौके पर पहुंच गए। मकान मालिक का कहना है कि ये सब कैसे और कब हुआ उन्हें कुछ पता नही लगा क्योकि वे नीचे अपने घर में सोये हुए थे। साकिब की बड़ी बेटी सानिया ने बताया कि वे सब सोये हुए थे। इसी दौरान काले कपड़े पहनकर आये एक चोर ने उसकी माँ को पकड़ा और मारकर चला गया। इस दौरान उसकी दोनों बहने सोई रही।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कौसर के भाई मुरसलीन का कहना है कि मेरी बहन की हत्या साकिब ने ही की है। मुरसलीन के अनुसार 15 दिन पूर्व भी साकिब ने फोन कर कहा था कि कौसर छत से गिर गयी है और उसके काफी चोट लगी है। मुरसलीन द्वारा आने की कहने पर उसने मजाक बताकर टाल दिया था। मुरसलीन ने बताया कि आज भी साकिब ने फोन कर उन्हें कौसर के गुजर जाने की सूचना दी। शुरुआत मे सभी ने इसे भी मजाक ही समझा था मगर मौके पर आने पर सच पता लगा। मुरसलीन का कहना है कि उन्हें साकिब पर ही शक है।
मुरसलीन ने बताया कि हम मूल रूप से जानी मेरठ की ही निवासी है। कुछ दिन के लिए हमारा परिवार लोनी शिफ्ट हो गया था मगर अब वापस आ गए है। मुरसलीन ने बताया कि वे 5 बहने और 5 भाई है। कौसर सबसे छोटी 10 वे नंबर की बहन थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतका के पति, मकान मालिक और अन्य करीबियों से पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.png)
