उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से रिश्तों को कलंकित करने का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहाँ हसनपुर थाना क्षेत्र मे 15 वर्ष का हँसता खेलता वैवाहिक जीवन बिताने वाले एक पत्नी ने अपने पति को ही एक खौफनाक साजिश का शिकार बना दिया। आरोप है कि कलियुगी पत्नी ने दूध मे नशे की गोलिया देकर पति को बेहोश किया और घर मे रखी नकदी व लाखो के जेवरात लेकर अपने ही नन्दोई के साथ फरार हो गयी। पीड़ित पति हसनपुर कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से न्याय और पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़ित पति सर्वेश कुमार ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। इस समय उसके दो बच्चे भी हैं, जिनकी परवरिश बेहद लाड-प्यार से कर रहे थे। सर्वेश के मुताबिक उन्हें अंदाज़ा भी नहीं था कि जिस पत्नी पर वे आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, वह उनके पीछे इतनी घिनौनी साजिश रच रही है। सर्वेश का आरोप है कि बीती 23 मई की रात को पत्नी ने अपनी खौफनाक योजना को अमलीजामा पहनाया। पत्नी ने रात को सोने से पहले रोज की तरह सर्वेश को पीने के लिए दूध का गिलास दिया। आरोप है कि उसने इसी गिलास मे भारी मात्रा मे नशे की गोलिया मिलाई हुई थी। दूध पीने के कुछ देर बाद ही सर्वेश को सिर मे भारीपन महसूस हुआ और गहरी नींद मे सो गया।
सर्वेश के पूरी तरह अचेत होते ही पत्नी ने घर की अलमारियों और बक्सों के ताले चटकाए। उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के सारे कीमती जेवर और 1.5 लाख रुपये की भारी नकदी समेट ली। इसके बाद वह रात के अंधेरे में ही घर के बाहर पहले से घात लगाए बैठे अपने ननदोई के साथ फरार हो गई।
अगली सुबह होश आने पर सर्वेश ने देखा कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था, अलमारी खाली थी और पत्नी गायब थी। सर्वेश कुमार ने कोतवाली में दी गयी तहरीर में एक और बड़ा व चौंकाने वाला खुलासा किया है। सर्वेश का आरोप है कि उसकी पत्नी को भगाने और घर में चोरी कराने की इस पूरी आपराधिक साजिश में केवल ननदोई ही नहीं, बल्कि उनके अपने सगे भाई और बहन भी बराबर के हिस्सेदार हैं। पारिवारिक रंजिश और लालच के चलते इन सबने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।
इस पूरे पारिवारिक ड्रामे और सनसनीखेज चोरी की घटना पर हसनपुर कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित पति सर्वेश कुमार की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामला दर्ज कर पुलिस ने इसकी गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें और सर्विलांस सेल फरार महिला व आरोपी ननदोई की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

