नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलसंदा गंगदास में दो पक्षों के बीच उपजे तनाव के बीच आज गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नहटौर थाने पहुंचे। ग्राम प्रधान फसाहद अहमद के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर गांव के 4 युवको पर लगाए गए फायरिंग के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। ग्रामीणों ने पुलिस के आला अधिकारियों से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की पुरजोर मांग की है।
थाना परिसर में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव निवासी एक दबंग और शरारती तत्व रंजिश के चलते आए दिन गांव के युवको को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिशें रचता रहता है। इसी क्रम में दो दिन पूर्व उक्त व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के 4 युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर फायरिंग की है। इस सूचना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान फसाहद अहमद ने कोतवाली पुलिस को पुख्ता सबूत पेश करते हुए बताया कि जिस वक्त गांव में फायरिंग होने का दावा किया जा रहा है, उस समय नामजद किए गए चारों युवक गांव में मौजूद ही नहीं थे। प्रधान और परिजनों का दावा है कि वे चारों युवक रोजगार के सिलसिले में मुंबई जाने वाली ट्रेन में सफर कर रहे थे, जिसकी लाइव लोकेशन और रेलवे टिकट भी पुलिस को सौंपे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सोची-समझी साजिश के तहत इन बेकसूर युवको का भविष्य बर्बाद करने के उद्देश्य से यह झूठी कहानी गढ़ी गई है।
इस झूठी शिकायत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने आज गुरुवार को थाना परिसर में नारेबाजी की और कहा कि इस तरह की फर्जी शिकायतों से गांव का सांप्रदायिक और सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि निर्दोषों का उत्पीड़न होने पर वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की तरफ से पक्ष रखा गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। युवकों की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEiOFa_d6gO3UVakQIG0awHZKJGtEl_MkF1bxxLpV4h9rbnpQzIXvBn5LRGyooFRmy9LASbOnqHk7719l1t4L2stkZ2Nw1Q_cRYADZDhJIeU2Eaz35Vea36prnRc0yI_ho1tBjJj-XrJh83v8MDqBbHyGnJP_Udtis-oq-us19luiK1GAx-Q_EkpYtDr6W9R/w640-h426-rw/ChatGPT%20Image%20May%2021,%202026,%2010_21_42%20PM.png)
