जिला बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खुद को एक बड़े संगठन का पदाधिकारी बताकर होटलों में अवैध रूप से छापेमारी और अवैध उगाही करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। शुक्रवार को एक होटल में अवैध वसूली की कोशिश के दौरान गिरोह का पाला एक ऐसी महिला से पड़ गया, जिसने आरोपियों के होश ठिकाने लगा दिए। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उक्त घटना नजीबाबाद स्थित एक प्रतिष्ठित होटल की है। शुक्रवार को एक महिला समेत चार लोग खुद को बड़े संगठन से जुड़ा बताकर होटल में दाखिल हुए और स्टाफ को धमकाते हुए सीधे कमरों की चेकिंग करने लगे। इसी दौरान आरोपी जबरन एक कमरे के अंदर घुस गए, जहां एक विवाहिता अपने पति के साथ ठहरी हुई थी। अपने निजी पलों में इस तरह जबरन दखल होता देख महिला का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। चश्मदीदों के मुताबिक पीड़ित महिला ने बिना डरे आरोपी महिला का कड़ा विरोध किया और उसे होटल परिसर में ही दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। देखते ही देखते होटल में भारी हंगामा खड़ा हो गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
होटल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ये लोग खुद को रसूखदार संगठन का नेता बताकर होटल मालिकों और ठहरने वाले ग्राहकों को डराते-धमकाते है। बदनामी का डर दिखाकर मोटी रकम की मांग की जाती थी और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। यह गिरोह पहले भी नजीबाबाद के ही एक अन्य होटल में पहुंच चुका था, जहाँ उन्होंने 'प्रेमी युगलों' को कमरा देने का आरोप लगाते हुए होटल संचालक पर भारी दबाव बनाया था। उस समय बदनामी और कानूनी पचड़े से बचने के लिए होटल संचालक ने इन्हें 17 हजार रुपये देकर मामला शांत कराया था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह जिले के कई अन्य होटलों में भी इसी तरह ब्लैकमेलिंग और उगाही के धंधे में शामिल रहा है।
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को दबोचा है, उनकी पहचान जगजीत, अक्षय, बिट्टू और प्रियंका के रूप में हुई है। इनमें एक दंपती (पति-पत्नी) भी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक नजीबाबाद अमित कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में इनके द्वारा पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

