जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ आज सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस मामले मे मृतक के भाई ने पत्नी समेत ससुराल पक्ष के पांच अन्य लोगों पर खाने-पीने के सामान में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इक़्तेदार पुत्र तुफैल अहमद निवासी ग्राम कराल थाना क्षेत्र चाँदपुर का निकाह करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम फाजलपुर ढाकी निवासी बेबी पुत्री भूरा के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही बेबी और उसके मायके पक्ष में अन्य लोग इक़्तेदार को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। बताया गया कि ससुराल पक्ष के लोग इक़्तेदार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इस सबके चलते इक़्तेदार काफी तनाव मे रहता था।
मृतक इक़्तेदार के भाई गुलजार ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि आज सोमवार सुबह इक़्तेदार के ससुराल पक्ष से उसका साला, सास, साली और बहनोई अचानक उसके घर ग्राम कराल आए थे। इसी दौरान अचानक घर के अंदर से इक़्तेदार के जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी। चीख पुकार को सुनकर गुलजार अपने दूसरे भाई जुल्फकार के साथ दौड़कर कमरे के अंदर पहुंचा। वहां गुलजार जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। दम तोड़ने से ठीक पहले इक़्तेदार ने अपने भाइयों को बताया कि उसकी पत्नी बेबी, सास मानो और साली अज्जो ने मिलकर उसे खाने-पीने की किसी चीज में जहर मिलाकर दे दिया है। इक़्तेदार को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने के दौराबन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। रोते-बिलखते परिजन शव को वापस गांव कराल लेकर आए और पुलिस को सूचना दी।
इस पूरे मामले पर कार्यवाहक थाना प्रभारी चाँदपुर हिमांशु पंवार ने बताया कि एक युवक (इक़्तेदार) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतक के भाई की ओर से ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतक इक़्तेदार अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। मृतक के भाई गुलजार ने ससुराल पक्ष के पांच नामजद लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

