Jaipur: महेश जोशी की गिरफ्तारी पर गहलोत का बड़ा बयान, कहा- भाजपा सरकार कानूनी प्रक्रिया के उल्लंघन… - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मई 08, 2026

Jaipur: महेश जोशी की गिरफ्तारी पर गहलोत का बड़ा बयान, कहा- भाजपा सरकार कानूनी प्रक्रिया के उल्लंघन…

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जल जीवन मिशन घोटाले में भष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो द्वारा पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस संबंधमें गुरुवार को एक्स के माध्यम से कहा कि महेश जोशी की अनैतिक और दुर्भावनापूर्ण ढंग से की गई गिरफ्तारी की मैं कड़ी भर्त्सना करता हूँ। पूर्व मंत्री महेश जोशी की एसीबी द्वारा गिरफ्तारी कानून के स्पष्ट दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी है। जब नियम है कि पहले नोटिस देकर पूछताछ की जानी चाहिए। उसके बाद ही आवश्यकता होने पर गिरफ्तारी का अधिकार है, तब बिना किसी नोटिस या पूछताछ के सुबह 5 बजे सीधे गिरफ्तारी करना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

अशोक गहलोत ने कहा कि मेरा हमेशा से ही मानना रहा है कि यदि किसी ने भ्रष्टाचार किया है तो उसे सजा मिलना सुनिश्चित होना चाहिए। पूरा प्रदेश जानता है कि राजस्थान में गाँव-ढाणी से लेकर राजधानी तक भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और प्रदेश की जनता पूरी तरह से परेशान हो चुकी है। मेरा स्पष्ट आरोप है कि एसीबी पर वास्तविक मामलों में कार्रवाई न करने और राजनीतिक आधार पर कार्रवाई करने का दबाव है। आज महेश जोशी पर की गई कार्रवाई इसी का उदाहरण है।

बिना किसी पूछताछ के गिरफ्तारी केवल और केवल राजनीति से प्रेरित
पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि महेश जोशी ने ईडी की कार्रवाई के दौरान भी पूरा सहयोग दिया था। उनकी पत्नी के गंभीर बीमार होने के बावजूद वे नोटिस मिलने पर ईडी की पूछताछ के लिए गए‌ थे। उन्होंने हमेशा सरकारी एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया है। ऐसे में एसीबी द्वारा बिना किसी पूछताछ के गिरफ्तारी केवल और केवल राजनीति से प्रेरित है। भाजपा सरकार कानूनी प्रक्रिया के उल्लंघन का एक नया तरीका अपना रही है। यह राजनीतिक दुर्भावना और सत्ता के दबाव में उठाया गया कदम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि न्यायपालिका के समक्ष इस राजनीतिक प्रतिशोध का पर्दाफाश होगा।

PC:deccanherald
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें