उसांवा/जिला बदायूँ - मुस्लिम युवती हीरा नजमी के प्यार को मिली मंजिल, हिमाँशी बन प्रेमी अतुल के साथ मंदिर में किया विवाह, पुलिस की मौजूदगी मे हुई शादी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जून 17, 2026

उसांवा/जिला बदायूँ - मुस्लिम युवती हीरा नजमी के प्यार को मिली मंजिल, हिमाँशी बन प्रेमी अतुल के साथ मंदिर में किया विवाह, पुलिस की मौजूदगी मे हुई शादी

newsindia17.com/badaun-usawan-muslim-girl-hira-najmi-becomes-himanshi-marries-atul-in-temple

जिला बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र से अंतर्धार्मिक प्रेम विवाह का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम युवती ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाकर अपने हिंदू प्रेमी से मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचा लिया है। मुस्लिम युवती ने अपना नाम 'हिरा नजमी' से बदलकर अब 'हिमांशी' रख लिया है। पुलिस की कड़ी सुरक्षा और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में यह विवाह संपन्न हुआ, जिसके बाद दुल्हन विदा होकर अपनी ससुराल चली गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अतुल और दूसरे गांव की हिरा नजमी के बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध चल रहे थे। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने करीब छह महीने पहले चुपचाप कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। इसके बाद भी सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण शादी के बाद भी हिरा अपने मायके में ही रह रही थी। मामले में मोड़ तब आया जब अतुल ने उत्तर प्रदेश सरकार के आईजीआरएस पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज कराई। अतुल का आरोप था कि कोर्ट मैरिज होने के बावजूद उसके ससुराल वाले उसकी पत्नी हिरा को उसके साथ नहीं भेज रहे हैं और उसे बंधक जैसी स्थिति में रखा हुआ है। पुलिस ने अतुल द्वारा की गयी इस शिकायत पर जांच शुरू ही की थी कि दूसरी तरफ से युवती के परिजनों ने भी अतुल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। युवती के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर अतुल पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया।


मामला पेचीदा होते देख उसावां पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए थाने तलब किया। इस दौरान युवती को भी बयान के लिए बुलाया गया। थाने में उस वक्त माहौल गरमा गया जब राष्ट्रीय बजरंग दल सहित कई हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। पुलिस और परिजनों के सामने हिरा नजमी ने साफ कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से अतुल के साथ रहना चाहती है। युवती के इस कड़े रुख के आगे परिजनों की एक न चली।


युवती के बालिग होने और उसके कानूनी बयानों के आधार पर पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद दोनों पक्ष और कार्यकर्ता उसावां स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर पहुंचे। यहाँ पंडितों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतुल और हिरा का विवाह कराया। शादी की रस्में पूरी होने के बाद हिरा नजमी ने स्वेच्छा से अपना नाम बदलकर 'हिमांशी' रख लिया। पूरी विवाह प्रक्रिया के दौरान उसावां थाने की पुलिस सुरक्षा के लिए मुस्तैद रही।


थानाध्यक्ष उसांवा राजेंद्र सिंह ने बताया कि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की इच्छा जताई थी। दोनों पक्षों की मौजूदगी और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए युवती को युवक की सुपुर्दगी में सौंपा गया।


शुरुआती खींचतान और आरोपों-प्रत्यारोपों के बाद, आखिरकार पुलिस प्रशासन की सूझबूझ से मामला शांत हो गया। मंदिर में शादी की रस्में संपन्न होने के बाद 'हिमांशी' (बदला हुआ नाम) बेहद खुश नजर आई और उसने अपने पति अतुल के साथ नई जिंदगी की शुरुआत करते हुए ससुराल के लिए प्रस्थान किया। सोशल मीडिया पर भी इस अनोखी शादी की तस्वीरें और चर्चाएं लगातार तैर रही हैं।

free counter
अभी तक पाठक संख्या