आज सोमवार की सुबह जिला बदायूँ के उझानी थाना क्षेत्र मे हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियो को मातम मे बदल दिया। यहाँ एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने पर ई रिक्शा पलट गया और इसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला बरेली के आंवला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पलबरिया निवासी नेमचंद्र आयु 52 वर्ष अपनी पत्नी रेखा के साथ हरिहरपुर स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। दोनों एक ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान हरिहरपुर के समीप तेज गति से आ रही एक डबल डेकर बस ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के शिकार हुए नेमचंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने नेमचंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है तथा बस चालक की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक ई-रिक्शा कुचल गया था। उस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई थी। लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईस्पीड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, वाहनों की गति पर निगरानी बढ़ाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

