आज रविवार की दोपहर नूरपुर -स्योहारा रोड पर हुई तेज रफ्तार कार व मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर मे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। बताया गया कि कार की जोरदार टक्कर लगने पर बाइक सवार युवक लगभग 15 फिट दूर जा गिरा। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र का निवासी सूरज प्रजापति आयु 22 वर्ष पुत्र धनीराम प्रजापति आज रविवार को किसी काम से राजा का ताजपुर आ रहा था। दोपहर लगभग 2 बजे नूरपुर -स्योहारा मार्ग स्थित गाँव भूतपुरी के पास युवा गार्डन बैंक्वेट हाल के सामने विपरीत दिशा से आयी एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। कार की जोरदार टक्कर लगने पर युवक बाइक समेत लगभग 15 फिट दूर जा गिरा। इस हादसे मे गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण सूरज की मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी नूरपुर श्रीकांत सत्यार्थी ने बताया कि कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

