National Weather Forecast: देशभर में कमजोर पड़ा मानसून, राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क, चलेगी धूलभरी हवाएं, हल्की बारिश का अनुमान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 13, 2026

National Weather Forecast: देशभर में कमजोर पड़ा मानसून, राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क, चलेगी धूलभरी हवाएं, हल्की बारिश का अनुमान

इंटरनेट डेस्क। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को देश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उत्तर, पूर्व, मध्य और पूर्वाेत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में आंधी और बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

राजस्थान में धीमा पड़ा मानसून
इधर राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ते ही मौसम का मिजाज भी बदल गया है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अभी कमजोर बनी हुई हैं, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर से होकर दक्षिण असम तक फैला है। जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

हो सकती हैं हल्की बारिश
मौसम विभाग ने 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी अगले पांच से छह दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, शेखावाटी क्षेत्र के साथ जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में 13 से 15 जुलाई के बीच हल्की बारिश हो सकती है। आज भरतपुर और उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भी हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।

pc- zee news