जिला मुरादाबाद के बिलारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव मे आज सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर फाँसी के फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष वाले मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मायके पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सम्भल के बनियाठेर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव नेहटा निवासी नंदकिशोर ने अपनी पुत्री सोनम की शादी लगभग 2 वर्ष पूर्व गाँव इमरतपुर स्योंडारा निवासी विजय के साथ की थी। मायके पक्ष वालो का कहना है कि आज सोमवार की दोपहर सोनम ने अपनी छोटी बहन मंजू को फोन किया था। इस दौरान सोनम रो रही थी और ससुराल पक्ष के सदस्यो द्वारा मारपीट किये जाने के बारे मे बताया था। मायके पक्ष का कहना है कि इस बातचीत के दौरान अचानक ही फोन कट गया था। इस बातचीत के करीब दो घंटे बाद ही मायके वालो को सोनम की मौत की सूचना मिली। पिता नंदकिशोर ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज मे बाइक की मांग कर रहे थे और सोनम को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बिलारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं।
पुलिस ने मृतका के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति विजय, ससुर हरनन्दन, सास रामकली, जेठ शैलेश, जेठानी रीना, नंद प्रवेश व शकुंलता समेत ससुराल पक्ष के 7 सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

