![]() |
| पूर्णतया एआई जनरेटेड इमेज |
जिला बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र से पिंडदान स्थल पर शव रखने को लेकर खेत मालिक और ग्रामीणो के बीच हुए विवाद का एक मामला सामने आया है। ये विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीण शव को गाड़ी में रखकर थाने पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई किये जाने की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम और राजस्व विभाग के अधिकारीगण मौके पर पहुंचे और पैमाइश के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर शांत हुए ग्रामीण शव को लेकर चले गए और बिजनौर स्थित गंगा बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया।
उक्त घटना थाना क्षेत्र के गांव कुंडा बागेन से जुडी है। यहाँ गाँव निवासी 90 वर्षीय परमेश्वरी देवी का निधन होने के बाद परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार से पहले रीति-रिवाज के तहत गांव के पास बने पिंडदान स्थल पर लेकर पहुंचे। इसी दौरान पास ही स्थित खेत के मालिक ने वहां शव रखने का विरोध करना शुरू कर दिया। खेत स्वामी का कहना था कि खेत के पास बनाये गए इस पिंडदान स्थल को लेकर उसे लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेत मालिक का कहना था कि इस पिंडदान स्थल का निर्माण किये जाने के दौरान भी उसने विरोध किया था और पुलिस से भी शिकायत की थी। खेत मालिक के इस व्यवहार के चलते दोनो पक्षो के बीच विवाद की स्थिति बन गयी। विवाद बढ़ता देख ग्रामीणो ने शव को गाड़ी मे रखा और थाने जा पहुंचे।
थाने पहुंचे ग्रामीणो ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई किये जाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सार्थक चावला के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने पिंडदान स्थल और आसपास के खेत की पैमाइश कराई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही। प्रशासन द्वारा नियमानुसार समाधान कराने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हो गए। इसके बाद परमेश्वरी देवी के शव को गंगा बैराज घाट ले जाकर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

