जिला सम्भल के जुनावई थाना क्षेत्र मे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियों मे हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। महिला का शव उसकी ससुराल मे एक कमरे मे फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव दुबारी कलां निवासी कुलदीप कुमार की शादी गत 2 मई 2026 को भूरी आयु 22 वर्ष पुत्री भगवानदास, निवासी गाँव अजमानठेर, थाना क्षेत्र दादो के साथ हुई थी। परिजनो ने बताया कि शादी के बाद पति -पत्नी दिल्ली चले गए थे और वहां गोलगप्पे बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। तीन दिन पूर्व ही पति -पत्नी मनौना धाम और कादराबाद स्थित कलिका देवी मंदिर मे दर्शन करने हेतु गाँव आये थे। बताया गया कि कल गुरुवार की सुबह कुलदीप किसी काम से अपने ननिहाल गया था। इस दौरान कुलदीप ने कई बार अपनी पत्नी को फोन किया मगर कोई जबाब नही मिला।
दोपहर करीब 12 बजे घर वापस आने पर कुलदीप ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और खिड़की से अंदर देखने का प्रयास किया। कमरे के अंदर का नजारा देख कुलदीप के पैरो तले जमीन खिसक गयी। कमरे के अंदर उसकी पत्नी भूरी फंदे के सहारे लटकी हुई थी। कुलदीप ने किसी प्रकार दरवाजा खोला और अंदर जाकर पत्नी को फंदे से नीचे उतारा। कुलदीप पत्नी को लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचा जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जुनावई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।
थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि मृतका के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

