आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज शनिवार शाम नहटौर थाना परिसर मे शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और नगर के विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा यात्रा के दौरान कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी निरीक्षक नहटौर किशन अवतार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही व अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। प्रभारी निरीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी दुकानदारों से अपनी दुकानों पर स्पष्ट पहचान प्रदर्शित करने की अपील करते हुए कहा कि यह व्यवस्था सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना है, इसलिए सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।
बैठक में बताया गया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पर मौजूद अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिजली के खुले तारों और पोलों को सुरक्षित कराया जाएगा ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। यात्रा मार्ग पर व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर पुलिस की नजर बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।
बैठक मे मौजूद रहे अन्य गणमान्यो ने भी अपने विचार रखे व कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु कई सुझाव दिए। इसी क्रम मे बैठक का सफल संचालन कर रहे उप मंडलाध्यक्ष भाजपा कपिल शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा हिन्दू धर्म की विशेष आस्था के साथ जुड़ी है। पूरे सावन माह चलने वाली इस पवित्र यात्रा को शांति पूर्ण संपन्न कराने हेतु हम सभी को अपने अपने स्तर से प्रयास करने चाहिए तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान ने देकर पुलिस व प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ उप निरीक्षक कुलजीत सिंह, कस्बा प्रभारी उप निरीक्षक अशोक मलिक, भाजपा उप मंडलाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल (बाबा) कुलवीर चौधरी, स्वामी अग्निदेव, नबील अहमद, नईम अहमद, जौनी चौधरी, शोवीर सिंह, महेंद्र सिंह, अमर सिंह, परवीन सैनी, राकेश कश्यप तथा योगेश सैनी सहित नगर व ग्रामीण क्षेत्रो के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी विभागों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

