पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - दहेज की माँग पूरी न होने पर तीन तलाक देकर घर से निकाला, देवर से कराया हलाला, पति समेत 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जुलाई 10, 2026

पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - दहेज की माँग पूरी न होने पर तीन तलाक देकर घर से निकाला, देवर से कराया हलाला, पति समेत 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

जिला पीलीभीत की न्यूरिया थाना क्षेत्र से दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न  किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक विवाहिता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक और जबरन हलाला कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति सहित 9 के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2020 में थाना सुनगढ़ी क्षेत्र निवासी फिरासत नाम के युवक के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनके दो बच्चे हुए। आरोप है कि कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग करते हुए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके जेवर भी बेच दिए। इतना ही नही दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसे तीन तलाक दे कर घर से निकाल दिया।


इसके बाद वह अपने मायके वापस आ गयी। महिला का कहना है कि एक दिन उसके मायके वालों की गैरमौजूदगी मे ससुराल पक्ष वाले आये और उसकी इच्छा के विरुद्ध देवर के साथ हलाला कराकर निकाह करा दिया। इतना सब होने के बाद भी वह बच्चों के भविष्य को देखते हुए दोबारा ससुराल आकर रहने लगी। आरोप है कि इतना सब होने के बाद भी ससुराल वालो द्वारा की जा रही प्रताड़ना का सिलसिला नही रूका और गत 30 मई को मारपीट और अभद्र व्यवहार कर उसे घर से निकाल दिया गया।


महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर, सास, दो देवर, देवरानी, चचिया ससुर, ननद और नंदोई समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष न्यूरिया दिगंबर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या