बहेड़ी/जिला बरेली - संदिग्ध परिस्तिथियो मे हुई महिला की मौत के मामले मे आया नया मोड़, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, 6 दिन बाद शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जुलाई 18, 2026

बहेड़ी/जिला बरेली - संदिग्ध परिस्तिथियो मे हुई महिला की मौत के मामले मे आया नया मोड़, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, 6 दिन बाद शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा

https://www.newsindia17.com/2026/07/bareilly-bahedi-womans-body-exhumed-after-murder-allegation-postmortem-after-six-days.html

जिला बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र संदिग्ध परिस्तिथियो में हुई एक महिला की मौत के मामले मे अब नया मोड़ आ गया है। महिला के भाई द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने प्रशासन ने आज शनिवार को शव कब्र  निकलवाकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। ये पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी मे हुई। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो भी बनाई गयी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले मे अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार मुड़िया रोड की निवासी तब्ससुम आयु 50 वर्ष पत्नी ताहिर की गत 12 जुलाई को मौत हो गयी थी। परिजनो के अनुसार तबस्सुम लम्बे समय से कैंसर से पीड़ित थी। परिजनो ने तबस्सुम के शव को उसी दिन स्थानीय क़ब्रिस्तान मे दफन कर दिया था। इस घटना ने तब नया मोड़ लिया जब मृतका के भाई जहीन इलियास अहमद ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर बहन की मौत पर संदेह जताया। जहीन ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मृत्यु स्वाभाविक नहीं थी और उसे कथित रूप से जहर देकर मारा गया है। जहीन द्वार दिए गए शिकायती पत्र मे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की गई थी।


मृतका के भाई द्वारा की गयी उक्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट देने के बाद प्रशासनिक आदेश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कराई।


आज शनिवार को प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद महिला के शव को कब्र से निकाला गया। इस प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई तथा कब्र की खुदाई के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए चारों ओर कपड़े का घेरा लगाया गया। पुलिस ने मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की और केवल अधिकृत अधिकारियों व परिजनों को ही पास जाने की अनुमति दी।


शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या